लखनऊ :
सीएम आवास के पास टावर पर चढ़ी आगरा की महिला
सीएम आवास के पास टावर पर चढ़ी आगरा की महिला, पुलिस-दमकल ने सुरक्षित उतारा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मुख्यमंत्री आवास के नजदीक हजरतगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आगरा निवासी एक महिला पार्क रोड स्थित चिड़ियाघर गेट नंबर-03 के सामने लगे ऊंचे टावर पर चढ़ गई। टावर पर महिला के चढ़े होने की सूचना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद फायर सर्विस की सहायता से महिला को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार आगरा से लखनऊ आई एक महिला
मुख्यमंत्री आवास के पास पार्क रोड के पास ऊंचे टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और बातचीत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। महिला की पहचान तुलसा के रुप मे हुई है।
जमीन विवाद को लेकर टावर पर चढ़ने की बात।
बताया जा रहा है कि महिला आगरा की रहने वाली है और जमीन से जुड़े विवाद को लेकर अपनी शिकायत के निस्तारण की मांग कर रही थी। महिला की ओर से करीब डेढ़ बीघा जमीन पर कब्जे और धमकी दिए जाने के आरोप सामने आए हैं। हालांकि, पुलिस के आधिकारिक मीडिया अपडेट में जमीन विवाद के आरोपों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। आसपास मौजूद लोगों को भी दूर रखा गया, ताकि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में किसी तरह की परेशानी न हो। पुलिस और फायर सर्विस की टीम के प्रयास से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तुलसा का आरोप है कि पड़ोसी ने उसके प्लॉट पर कब्जा कर रखा है। जमीन के विवाद को लेकर उसने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी। महिला का कहना है कि शिकायत के बाद भी उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए वह लखनऊ पहुंची और मुख्यमंत्री आवास के पास टावर पर चढ़ गई। हालांकि, जमीन पर कब्जे के उसके आरोपों की अभी प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
तुलसा का कहना है कि मेरी डेढ़ बीघा जमीन पर मान सिंह नाम के व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। जब मैं इस पर कार्रवाई की बात करती हूं, तो मुझे जान से मारने की धमकी देता है इसी मामले की कार्रवाई को लेकर मैं लखनऊ आई हूं।
