मंगलवार, 29 सितंबर 2026

लखनऊ : किसान पथ पर लूट का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार।।||Lucknow: Robbery on Kisan Path solved, three vicious robbers arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
किसान पथ पर लूट का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार।।
दो टूक : लखनऊ के थाना बीबीडी क्षेत्र किसान पथ पर राहगीर को रोककर बैग लूटने के मामले का बीबीडी पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और वारदात में प्रयुक्त फ्रॉन्क्स कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार : 
थाना बीबीडी पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त 2026 को विनीत खंड गोमतीनगर निवासी भगवती प्रसाद ड्यूटी से लौट रहे थे। किसान पथ पर अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोककर बैग छीन लिया और फरार हो गए। मामले में बीबीडी थाने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
 मंगलवार 29 सितंबर को बीबीडी पुलिस ने किसान पथ स्थित इंदिरा नहर के पास घेराबंदी कर घटना में प्रकाश में आए तीन आरोपियों प्रखर मिश्रा, प्रदीप रावत उर्फ भाईजान और राज सिंह उर्फ राज ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, हेल्थ मशीन, तीन डायरी, टूथपेस्ट, तेल की शीशी, मोहर और वारदात में प्रयुक्त UP32RA8014 नंबर की फ्रॉन्क्स कार बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रास्ते से गुजरने वाले लोगों को रोककर उनका सामान और बैग छीनने के बाद मौके से फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रखर मिश्रा (19) चिनहट क्षेत्र का रहने वाला है। प्रदीप रावत उर्फ भाईजान (26) चिनहट और राज सिंह उर्फ राज ठाकुर (22) बाराबंकी के जहांगीराबाद क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के मुताबिक प्रदीप रावत के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राज सिंह के खिलाफ भी बाराबंकी में पूर्व के आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बीबीडी पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।।