रविवार, 6 सितंबर 2026

लखनऊ : पेड़ की डाल उतारते समय हाइड्रा पलटा,मजदूर की दर्दनाक मौत,अन्य घायल।।||Lucknow: A hydra overturned while cutting a tree branch, resulting in a tragic death and injuries to a laborer.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
पेड़ की डाल उतारते समय हाइड्रा पलटा,मजदूर की दर्दनाक मौत,अन्य घायल।।
●छुट्टी के दिन हादसा होने से टला बड़ा खतरा।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के धनवारा गांव में रविवार सुबह पेड़ों की कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्राथमिक विद्यालय परिसर में यूकिलिप्टस के पेड़ों की भारी डाल उठाते समय हाइड्रा वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसके साथी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मोहनलालगंज में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि हादसा रविवार यानी स्कूल की छुट्टी के दिन हुआ। यदि स्कूल संचालित हो रहा होता तो बच्चों और शिक्षकों की मौजूदगी में हादसा और भी भयावह हो सकता था।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र ग्राम धनवारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज की अनुमति के बाद पिछले कुछ दिनों से यूकिलिप्टस के पेड़ों की कटाई का काम चल रहा था। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे मजदूर हाइड्रा वाहन संख्या UP32WN4434 की मदद से पेड़ की भारी डाल को नीचे उतार रहे थे।
इसी दौरान लकड़ी का वजन अधिक होने से हाइड्रा वाहन असंतुलित होकर पलट गया। वाहन और लकड़ी की चपेट में आने से सोनू पुत्र राजू गौतम, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी ग्राम मऊ, थाना मोहनलालगंज गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल सोनू को उपचार के लिए सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में अन्य मजदूरों के भी घायल होने की सूचना है, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक तहरीर प्राप्त होने पर मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।
सवाल यह है कि स्कूल परिसर में भारी पेड़ों की कटाई के दौरान सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था? हादसे ने कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।