लखनऊ :
PGI क्षेत्र से 8 खच्चर चोरी कर अलीगढ़ भागा था चोर, पिकअप समेत गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में खच्चर चोरी के मामले का थाना पीजीआई पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक आरोपी को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आठ खच्चर और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन संख्या UP81HT0782 बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर रेलवे क्रॉसिंग के पास से खच्चर चोरी कर पिकअप में लादकर अलीगढ़ ले जाने की बात कबूल की है।
विस्तार :
थाना पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय थाना क्षेत्र के उतरटियां रेलवे क्रॉसिंग के पास से 23 अगस्त को आठ खच्चर चोरी हो गए थे। पीड़ित रकमनाथ की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 446/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस ने चोरों की तलाश में तकनीकी, मैनुअल और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
◆पुलिस को पिकअप नंबर ने पहुंचाया चोर तक।
जांच के दौरान पुलिस को वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन संख्या UP81HT0782 के बारे में सुराग मिला। इसी वाहन की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस टीम अलीगढ़ के थाना गोंडा क्षेत्र स्थित नगला मानसुजान पहुंची और बच्चन सिंह (40) पुत्र जयपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
◆गांव के साथी ने दिया चोरी का लालच।
पुलिस पूछताछ में बच्चन सिंह ने बताया कि करीब 12-13 दिन पहले वह लोडर लेकर भाड़े पर लखनऊ आया था। इसी दौरान उसके गांव के गोलू शर्मा ने फोन कर कहा कि लखनऊ में उसके कुछ जानवर हैं, जिन्हें लेकर आना है। इसके बाद गोलू शर्मा और उसका एक साथी उसे रेलवे क्रॉसिंग के पास ले गए। आरोप है कि दोनों ने पास के मैदान से आठ खच्चर चोरी किए और पिकअप में लादकर अलीगढ़ ले गए।
आरोपी के मुताबिक गोलू शर्मा ने खच्चरों को उसके यहां रखने और ग्राहक मिलने पर बेचकर रकम बांटने की बात कही। लालच में आकर उसने चोरी के खच्चरों को अपने यहां रख लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से सभी आठ चोरी के खच्चर बरामद कर लिए।
◆बरामदगी के बाद बढ़ी धाराएं।
पीजीआई पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के बताए साथी गोलू शर्मा और उसके अज्ञात सहयोगी की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी का नाम बच्चन सिंह पुत्र जयपाल सिंह, निवासी ग्राम नगला मानसुजान, थाना गोंडा, जनपद अलीगढ़, उम्र करीब 40 वर्ष के पास से 08 चोरी के खच्चर और महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन संख्या UP81HT0782 बरामद हुआ है।
