लखनऊ :
संपत्ति विवाद में पोते ने दादा पर कराया हमला, हुई मौत,एक आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र के ग्राम उदैतखेड़ा मौंदा में संपत्ति विवाद को लेकर 70 वर्षीय वृद्ध विशेश्वर यादव पर जानलेवा हमला करने और इलाज के दौरान उनकी मौत के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में नामजद एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात विशेश्वर यादव अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां 19 सितंबर को उनकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र तेजपाल यादव की तहरीर पर काकोरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शुरुआत में मामले में धारा 109(1)/118(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। विशेश्वर की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 103(1)/118(1)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना को मृतक के पोते वैभव उर्फ विक्की ने संपत्ति विवाद के चलते कारित किया और कराया था। वैभव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर 17 सितंबर को जेल भेज चुकी है। अब मामले में प्रकाश में आए 19 वर्षीय आशुतोष यादव उर्फ आशू यादव निवासी ग्राम अनौरा, थाना सरोजनीनगर को पुलिस ने 20 सितंबर की रात 10:46 बजे गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले में नामजद पिंकू और महेन्द्र की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र राठौर, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक शिवम विधूड़ी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
