लखनऊ :
गैंगरेप-हत्या का इनामिया आरोपी राशिद खान को STF ने किया गिरफ्तार।।
दो टूक : एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट कानपुर नगर के थाना पनकी में दर्ज गैंगरेप, लूट और हत्या के मुकदमे में वर्ष 2022 से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी राशिद खान उर्फ शानू उर्फ बड़े लल्लू को जालौन से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने गिरफ्तार हत्यारोपी को सम्बंधित थाने मे दाखिल किया।
विस्तार :
एसटीएफ फील्ड यूनिट कानपुर की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 21 सितंबर 2026 की सुबह 8:40 बजे एट टोल प्लाजा, थाना एट, जनपद जालौन से आरोपी को दबोचा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ट्रक में बैठकर इंदौर से आ रहा था।
गैंगरेप के बाद महिला की हत्या का आरोप
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि 20 फरवरी 2022 को वह अपने साथी बबलू खान के कहने पर शमशाद के साथ वैगनआर कार से पनकी पहुंचा था। एक महिला को कार में बुलाने के बाद चारों लोग मैथा-अलियापुर रोड स्थित मैथा स्टेशन के पास पहुंचे, जहां महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला का सामान भी लूटा गया और शव को पुलिया के नीचे ईंट-पत्थरों से ढक दिया गया।
साथी पहले ही गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मामले में बबलू खान और शमशाद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि राशिद पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और बाद में ट्रक चलाने लगा था।
आरोपी से आधार कार्ड, पैन कार्ड, डीएल, मोबाइल और 2205 रुपये बरामद किए गए हैं। राशिद के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।
आरोपी को थाना पनकी में दर्ज मु0अ0सं0 63/2022, धारा 376-D, 394, 364, 302, 201, 34, 411 भादवि में दाखिल कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
