सोमवार, 21 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से सजेगा यूपी के हुनर और कारोबार का भव्य मंच, ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए क्विज से करियर काउंसलिंग तक खास इंतजाम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से सजेगा यूपी के हुनर और कारोबार का भव्य मंच, ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए क्विज से करियर काउंसलिंग तक खास इंतजाम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर स्कूल-कॉलेजों से अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, ‘ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट’ और बैटल ऑफ द बैंड्स होंगे खास आकर्षण

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 21 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश के हुनर, उत्पादों, संस्कृति और उद्योग जगत को वैश्विक मंच प्रदान करने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले ट्रेड शो में इस बार विद्यार्थियों और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ट्रेड शो में प्रतिभाग कराने और उन्हें आयोजन की विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों के लिए क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स

ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए क्विज और ‘बैटल ऑफ द बैंड्स’ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को विभिन्न टास्क भी दिए जाएंगे। इन टास्क को पूरा करने वाले विद्यार्थियों को ‘ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट’ प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को ट्रेड शो में केवल भ्रमण करने के बजाय विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा।

विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग के विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न करियर विकल्पों से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां युवा रोजगार, उद्योग, व्यापार, नई तकनीक और भविष्य के करियर अवसरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकेंगे।

एक ही छत के नीचे दिखेगा यूपी का हुनर

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश की क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। खासतौर पर वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत स्थानीय हस्तशिल्प, उत्पादों, कारीगरों और उद्यमियों को व्यापक बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

ट्रेड शो में उद्यमियों और खरीदारों के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ व्यापारिक अवसरों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से एमएसएमई और स्टार्टअप्स को भी अपने उत्पादों और क्षमताओं को बड़े बाजार के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

उत्तर प्रदेश की संस्कृति और खान-पान से रूबरू होंगे आगंतुक

आयोजन में आने वाले लोगों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत, परंपराओं, कला, संस्कृति और खान-पान को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा। ट्रेड शो के जरिए प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार से जोड़ने तथा स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

विद्यार्थियों के आवागमन की होगी विशेष व्यवस्था

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल-कॉलेजों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों के ट्रेड शो तक आवागमन और आयोजन स्थल पर उनकी सहभागिता के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

इसके लिए नोडल अधिकारी नामित कर संबंधित स्कूल-कॉलेजों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने ट्रेड शो के विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, वीवीआईपी, वीआईपी, आरडब्ल्यूए, विभिन्न एसोसिएशनों, उद्यमियों और अन्य महत्वपूर्ण हितधारकों को समय से आमंत्रित करने तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने जनपदवासियों से की अधिकाधिक भागीदारी की अपील

जिलाधिकारी ने जनपद के विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों, उद्यमियों, विभिन्न संगठनों और आम नागरिकों से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश के हुनर, उत्पादों, संस्कृति और उद्योग जगत को समझने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार, करियर और उद्यमिता से जुड़े विभिन्न अवसरों को जानने का महत्वपूर्ण मंच है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार एवं पूर्वा शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।