गौतमबुद्धनगर: मिशन शक्ति 5.0: महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद, सुरक्षा कानूनों व हेल्पलाइन की दी जानकारी!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी महिला सुरक्षा के पर्यवेक्षण में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को मिशन शक्ति टीम ने स्कूल, कॉलेज, मोहल्लों और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, भारतीय न्याय संहिता (BNS), बाल विवाह निषेध कानून, महिला सशक्तिकरण तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के बारे में विस्तार से जागरूक किया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
टीम द्वारा पम्पलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और वन स्टॉप सेंटर-181 समेत विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को समझाया कि किसी भी आपात स्थिति, छेड़छाड़, उत्पीड़न, हिंसा या अन्य समस्या की स्थिति में बिना किसी झिझक के पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन की मदद ली जाए। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी अपराध को लेकर चुप न रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान, जागरूकता और आत्मनिर्भरता को लेकर जनसामान्य के बीच लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया जा रहा है, ताकि उन्हें सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी मिल सके।।
