गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार थार का कहर, स्कूटी सवार पति की मौत, पत्नी घायल!!
इटैड़ा गोल चक्कर के पास दंपति को मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद वाहन छोड़कर चालक फरार
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार पति की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा इटैड़ा गोल चक्कर के पास हुआ। स्कूटी सवार दंपति कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में नीरज (40) की मौत हो गई। नीरज चिपियाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और थार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय थार चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। पुलिस फरार चालक की पहचान और तलाश में जुटी है।
यह पूरा मामला थाना बिसरख क्षेत्र की चेरी काउंटी चौकी से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।
