गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बदमाशों के हौसले बुलंद, ई-रिक्शा सवार युवती से iPhone 18 Pro झपटा!!
चेरी काउंटी और मूर्ति गोलचक्कर के बीच दिनदहाड़े वारदात, बिसरख पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए ई-रिक्शा में सवार युवती से महंगा मोबाइल फोन झपट लिया। बताया जा रहा है कि युवती के पास नया iPhone 18 Pro था, जिसे बदमाश झपटकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, वारदात चेरी काउंटी और मूर्ति गोलचक्कर के बीच हुई। युवती ई-रिक्शा में बैठकर जा रही थी, इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर उसका मोबाइल फोन झपटा और तेजी से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से युवती घबरा गई और आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है।
वहीं, चेरी काउंटी चौकी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है। दिनदहाड़े सड़क पर हुई मोबाइल झपटमारी की इस वारदात ने पुलिस की गश्त और बदमाशों पर निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।।
