सोमवार, 21 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: बिसरख में गूंजा श्रीमद्भागवत कथा का अमृत संदेश, अशोक भाटी ने की आरती !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बिसरख में गूंजा श्रीमद्भागवत कथा का अमृत संदेश, अशोक भाटी ने की आरती !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 21 सितंबर 2026। बिसरख में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथामृत के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कथा के समापन पर विधि-विधान से आरती की।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति के सदस्यों श्यामलाल भाटी, रंगीलाल आर्य, वीरेंद्र भाटी, देवेंद्र भाटी एवं जितेंद्र भाटी ने अशोक भाटी का पुष्पमाला पहनाकर एवं पटका भेंट कर स्वागत किया।

कथा व्यास मेरुदेवा भारती ने श्रीमद्भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण एवं सुंदर वर्णन किया। उनके प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। वहीं, साध्वी नीमा भारती ने अपने प्रवचनों के माध्यम से धर्म, भक्ति, संस्कार और सनातन परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से जुड़ने का आह्वान किया।

कथा के दूसरे दिन के समापन पर मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि कथा में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से शामिल करना चाहिए, क्योंकि ऐसे आयोजनों से बच्चों में धर्म, संस्कृति और संस्कारों के प्रति आस्था मजबूत होती है।

अशोक भाटी ने कहा कि जिस स्थान पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां का वातावरण भक्तिमय और पवित्र हो जाता है। उन्होंने कहा कि समाज में समय-समय पर इस तरह के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों का आयोजन होते रहना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ी रहे।

बताया गया कि श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 19 सितंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था। कथा का आयोजन लगातार जारी रहेगा और 26 सितंबर 2026 को विशाल भंडारे के साथ इसका समापन किया जाएगा।

कार्यक्रम में अनूप नागर, संजय भाटी, धीरेंद्र भाटी ‘टीनू’, महेश गुर्जर, चमन भाटी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान कथा स्थल भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।।