लखनऊ :
खाने में देरी पर कहासुनी के बाद ढाबे पर बवाल,घेरकर पीटा—दो के सिर फटे, कार का शीशा चकनाचूर।।
दो टूक : लखनऊ के थाना बंथरा क्षेत्र के मन्नत ढाबे पर खाना खाने पहुंचे छह लोगों पर कथित तौर पर 20-25 लोगों ने हमला बोल दिया। सरिया, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हुई मारपीट में दो लोगों के सिर फट गए। एक घायल के सिर में चार, जबकि कंपनी के प्रबंध निदेशक के सिर में 11 टांके लगाए गए। आरोप है कि जान बचाकर कार से भागने की कोशिश करने पर हमलावरों ने पीछा कर कार रोक ली और दोबारा हमला किया। इस दौरान कार का शीशा टूट गया और एक युवक की सोने की चेन भी हाथापाई में गिर गई।
घटना 3 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
विस्तार :
पीड़ित चंदन श्रीवास्तव के मुताबिक वह अपने पांच कर्मचारियों के साथ व्यावसायिक कार्य से लौटते समय मन्नत ढाबे पर खाना खाने रुके थे। खाना देर से मिलने को लेकर ढाबा मालिक से मामूली कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद ढाबा मालिक ने अपने कर्मचारियों, सहयोगियों और अन्य लोगों को बुला लिया।
तहरीर के अनुसार कुछ ही देर में करीब 20-25 लोगों ने एकजुट होकर छह लोगों को घेर लिया और सरिया, लोहे की रॉड, लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से हमला शुरू कर दिया। पीड़ितों ने जान बचाकर वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने पीछा कर उनकी कार रोक ली और फिर हमला किया। मारपीट में कार का शीशा टूट गया।
हमले में चंदन श्रीवास्तव के सिर में गंभीर चोट आई और चार टांके लगे। शशांक सोनी के हाथ में चोट लगी, जबकि प्रबंध निदेशक सचिन गिरी के सिर में गंभीर चोट होने पर 11 टांके लगाए गए। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार द साइन हॉस्पिटल, जुनेबगंज बंथरा में कराया गया। गंभीर हालत में सचिन गिरी को चंदन हॉस्पिटल रेफर किया गया।
पीड़ित ने बंथरा थाने में तहरीर देकर ढाबा मालिक, उसके कर्मचारियों, सहयोगियों और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में ढाबे और आसपास की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने, आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी तथा हमले में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी की भी मांग की गई है।
पुलिस अब तहरीर, मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
