गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में आज गूंजेगा योगी का संदेश, GBU में 5 हजार से ज्यादा युवाओं-महिलाओं को करेंगे संबोधित!!
‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की भी करेंगे समीक्षा
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ग्रेटर नोएडा के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में आयोजित दो दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वह हजारों युवाओं और महिलाओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर ग्रेटर नोएडा में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जीबीयू परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।
करीब 3 बजे GBU पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर करीब 3 बजे गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जीबीयू के गेट नंबर-1 के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में शामिल होंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
दो दिन से चल रहा ‘प्रेरणा विमर्श-2026’
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में शनिवार से शुरू हुए दो दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ में समसामयिक सामाजिक विषयों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी के साथ सामाजिक क्षेत्र, शिक्षा, कानून और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों की भी मौजूदगी है। समापन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित कई प्रमुख लोग भी शामिल होंगे।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों पर भी होगी नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने ग्रेटर नोएडा दौरे के दौरान यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस बड़े आयोजन को लेकर प्रशासन और प्राधिकरण की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात और अन्य तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जीबीयू और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्रेटर नोएडा दौरे के चलते जीबीयू परिसर में राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की बड़ी मौजूदगी देखने को मिलेगी। ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री का संबोधन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
