बुधवार, 30 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 30 सितंबर। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति-शासी निकाय की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित ओपीडी, आईपीडी, संस्थागत प्रसव, वीएबी वैक्सीन, MaNTra-MIS, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर, मातृत्व स्वास्थ्य, ई-कवच, ई-संजीवनी, एचपीवी वैक्सीन, क्षय रोग कार्यक्रम, दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों की संख्या और एंबुलेंस सेवाओं समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

वीएबी परिवारों की लाइन लिस्टिंग के निर्देश

वीएबी की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी एचएससी और एएनएम क्षेत्रों में वीएबी परिवारों की लाइन लिस्टिंग तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसकी सूची ब्लॉक स्तर पर भी उपलब्ध रहे। जिन क्षेत्रों में तीन से अधिक वीएबी परिवार हैं, वहां ब्लॉक रिस्पांस टीम की नियमित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता के अनुसार अन्य विभागों के अधिकारियों का सहयोग लेकर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।

उन्होंने एमओआईसी को निर्देश दिए कि वीएबी की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा बीडब्ल्यूआर/एएनएम बैठकों में की जाए और शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

जननी सुरक्षा योजना का भुगतान समय से कराने पर जोर

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्देश दिए कि एएनसी पंजीकरण के समय ही आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं को बैंक खाता खुलवाने में सहयोग करें। एएनसी-1 से एएनसी-4 जांच और सीआई-वी/यूएचएसएनडी सत्रों के दौरान एएनएम द्वारा बैंक खाते का सत्यापन कराया जाए।

प्रसव केंद्रों पर नर्सिंग स्टाफ को लाभार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर MaNTra पोर्टल पर अपलोड करने तथा पात्र लाभार्थियों को जननी सुरक्षा योजना का भुगतान समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

टीबी मरीजों की नियमित निगरानी के निर्देश

क्षय रोग कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान एमडीआर और आरआर टीबी मरीजों की पहचान, जांच एवं उपचार की स्थिति की जानकारी ली गई। सीडीओ ने उपचाररत मरीजों की नियमित निगरानी करने और उन्हें निर्धारित समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि इलाज में किसी तरह की बाधा न आए।

हेल्थ सेंटरों पर सुविधाएं मजबूत करने पर जोर

हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए। ई-कवच की सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय से पूरी कराने तथा ई-संजीवनी के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र मरीजों को टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।

पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण कराने के निर्देश

एचपीवी वैक्सीन की समीक्षा के दौरान पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यू-विन के निर्धारित सत्र समय से पूरे कराने, टीकाकरण से संबंधित विवरण पोर्टल पर दर्ज करने और हेड काउंट सर्वे निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा गया।

दवाओं और एंबुलेंस सेवाओं की भी होगी नियमित निगरानी

मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनके वितरण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों को समय से एंबुलेंस उपलब्ध कराने के साथ सभी एंबुलेंस की उपलब्धता और संचालन की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

सीडीओ भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. झा, डीआईओ डॉ. आर.के. सिरोहा, डीटीओ आर.पी. सिंह, डीएमओ श्रुति कीर्ति वर्मा, डीपीएम मंजीत कुमार सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।।