गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-24 पुलिस ने वाहन चोर और चैन स्नैचर गिरोह के दो आरोपियों को दबोचा, चोरी की बाइक, टूटी चैन और चाकू बरामद!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने वाहन चोरी और चैन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल, पीली धातु की दो टूटी हुई चैन, दो अवैध चाकू और 15,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस टीम मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-54 स्थित जैन पेट्रोल पंप के पास कच्चे रास्ते से मोटरसाइकिल के जरिए छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ गोल्डी पुत्र जितेन्द्र (30 वर्ष) निवासी ई-403, द्वितीय तल, ईस्ट विनोद नगर, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली और मोहित उर्फ प्रिंस पुत्र सचिन (19 वर्ष) निवासी 43, पेप्सी वाली गली, खिचड़ीपुर, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या यूपी-52 एएन-4976, दो टूटी हुई पीली धातु की चैन, दो अवैध चाकू और कुल 15,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आरोपियों से जुड़ी अन्य घटनाओं की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना सेक्टर-24 में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने वाहन चोरी और छिनैती की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है तथा उनके साथ और कौन लोग जुड़े हुए हैं।
