गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-20 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के आरोपी को दबोचा, 70 हजार रुपये और ताला तोड़ने का औजार बरामद!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 70 हजार रुपये और मकान का ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई जे आकार की लोहे की रोड बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, झपटमारी समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 29/30 सितंबर 2026 की रात थाना सेक्टर-20 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-21 के पास से फहीम पुत्र वसीम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 70 हजार रुपये बरामद हुए, जो थाना सेक्टर-20 में दर्ज मु0अ0सं0 122/2026 धारा 306 बीएनएस से संबंधित बताए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने मकान का ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई जे आकार की रोड भी बरामद की।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फहीम पुत्र वसीम, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सीमापुरी दिल्ली का रहने वाला है और वर्तमान में लोनी, गाजियाबाद क्षेत्र में रह रहा था।
कई मुकदमों में दर्ज है आरोपी का नाम
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक फहीम के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, झपटमारी और अन्य आपराधिक धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना कश्मीरी गेट, पटपड़गंज, सीलमपुर, गीता कॉलोनी, सीमापुरी, वेलकम और कोतवाली नॉर्थ दिल्ली समेत अलग-अलग थानों में मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें वर्ष 2012 का धारा 302/394/397/34 भादवि का मामला भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में मु0अ0सं0 368/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट का भी उल्लेख किया है।
बरामदगी
- 70,000 रुपये — चोरी के मुकदमे से संबंधित
- जे आकार की लोहे की रोड — मकान का ताला तोड़ने में प्रयुक्त
पुलिस के मुताबिक आरोपी के आपराधिक इतिहास और बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।।
