बुधवार, 30 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती, मिलावट पर होगी कड़ी कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती, मिलावट पर होगी कड़ी कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सीडीओ भाल चंद्र त्रिपाठी ने दिए सघन सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान के निर्देश, रेस्टोरेंट से लेकर स्कूल-कॉलेज की कैंटीन तक होगी जांच

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 30 सितंबर 2026। जनपदवासियों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ एवं दवाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने, नियमित जांच बढ़ाने और मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश कुमार मिश्रा एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी ने खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से हाल के दिनों में की गई प्रवर्तन कार्रवाई, निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान की जानकारी सीडीओ के समक्ष रखी।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर खाद्य एवं पेय पदार्थों की सघन सैंपलिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच में यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों पर जुर्माने समेत अन्य दंडात्मक प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

रेस्टोरेंट, ढाबों और कैंटीनों पर भी रहेगी नजर

मुख्य विकास अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित रेस्टोरेंट, ढाबों, स्कूल-कॉलेजों की कैंटीनों, छात्रावासों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। जांच के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन की विशेष रूप से जांच करने को कहा गया, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

पुराने खाद्य तेल और फूड फोर्टिफिकेशन पर जागरूकता

बैठक में फूड फोर्टिफिकेशन, इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल के सुरक्षित निस्तारण और शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों के उपयोग से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। सीडीओ ने इन विषयों को लेकर विस्तृत एडवाइजरी तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।

दवाओं और कॉस्मेटिक उत्पादों की भी होगी प्रभावी जांच

बैठक में औषधि निरीक्षक ने जनपद में मानकों के अनुरूप दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने ब्लड बैंक, मेडिकल स्टोर, दवा निर्माण इकाइयों और कॉस्मेटिक उत्पादों की नियमित एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और मानकों के उल्लंघन को लेकर जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से जारी रहनी चाहिए।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।