गौतमबुद्धनगर: फेस-2 पुलिस ने गांजा तस्करी पर कसा शिकंजा, 41.4 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार!!
बिहार से ट्रेन के जरिए गांजा लाकर नोएडा में महंगे दामों पर बेचने का खुलासा, बाइक और नकदी भी बरामद
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-2 पुलिस ने अवैध गांजे की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से 41 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा, बिक्री से प्राप्त 1,800 रुपये की नकदी और गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को थाना फेस-2 की टीम शमशान घाट भंगेल के पास गंदे नाले की पटरी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रिन्स कुमार साहू पुत्र बैजू प्रसाद साहू, निवासी ग्राम फिरोजपुर, थाना महरमा, जनपद गोड्डा, झारखंड, हाल निवासी तिगरी गोल चक्कर के पास किराये का कमरा, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई।
बिहार से ट्रेन के जरिए लाता था गांजा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार से ट्रेन के माध्यम से गांजा सस्ते दामों पर लेकर आता था और नोएडा में उसे महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 41 किलो 400 ग्राम गांजा, बिक्री से प्राप्त 1,800 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल संख्या यूपी 16 डीजेड 5595 को कब्जे में लेकर मोटरसाइकिल सीज कर दी है।
इस मामले में थाना फेस-2 में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 447/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य सूत्रों की भी जांच की जा रही है।।
