सोमवार, 28 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मेरठ खंड स्नातक-शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मेरठ खंड स्नातक-शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

23 अक्टूबर को होगा मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना; नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से होगी शुरू

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 28 सितंबर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रमुख व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अपने-अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। नाम निर्देशन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नाम निर्देशनों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इसके बाद 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी और निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से पहले पूर्ण कर ली जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सारणी का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी तैयारियों की लगातार समीक्षा की जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में मतदान कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदाता सूची, मतदेय स्थलों की व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, निर्वाचन सामग्री एवं लेखन सामग्री की उपलब्धता तथा मतपत्रों की व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रेक्षक व्यवस्था, वीडियोग्राफी एवं वेबकास्टिंग, रूट चार्ट, कम्युनिकेशन प्लान और डीईएमपी से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

दिव्यांग मतदाताओं की सुविधाओं पर भी विशेष जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। दिव्यांग मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मतदान कार्मिकों के लिए भोजन, यात्रा भत्ता, टेंट एवं फर्नीचर आदि की व्यवस्थाएं भी समय से पूरी की जाएं। गोदरेज टाइप बैलेट बॉक्स, कंट्रोल रूम की स्थापना एवं संचालन तथा चिकित्सा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों और निर्वाचन सामग्री के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए परिवहन व्यवस्था और रूट चार्ट को प्रभावी ढंग से तैयार किया जाए। साथ ही कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील और महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपने-अपने विभाग से जुड़ी तैयारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता सामने आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान कराया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।