सोमवार, 28 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सीएम डैशबोर्ड पर जिलाधिकारी ने कसी अधिकारियों की नकेल, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के दिए निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सीएम डैशबोर्ड पर जिलाधिकारी ने कसी अधिकारियों की नकेल, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के दिए निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

कम प्रगति वाले विभागों में तत्काल सुधार के आदेश, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और शिकायतों के निस्तारण पर भी जोर

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 28 सितंबर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचालित योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में अतिरिक्त ऊर्जा, ग्रामीण विकास, ग्रामीण जलापूर्ति, पंचायती राज, प्राथमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित अन्य विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि पोर्टल पर योजनाओं से संबंधित सूचनाएं और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट की जाएं, ताकि जिले में चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सके।

उन्होंने कम प्रगति वाले विभागों और क्षेत्रों की पहचान कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने तथा तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभागों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में केवल औपचारिक कार्रवाई के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ाया जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व कायम रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।