बुधवार, 2 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप के बाद नोएडा पुलिस अलर्ट, संदिग्ध बसों और टैक्सियों पर कसा शिकंजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप के बाद नोएडा पुलिस अलर्ट, संदिग्ध बसों और टैक्सियों पर कसा शिकंजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर थाना सेक्टर-126 पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार की निगरानी में संदिग्ध वाहनों की जांच

नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप की घटना के बाद नोएडा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में थाना सेक्टर-126 पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध बसों, टैक्सियों और अन्य यात्री वाहनों की सघन चेकिंग की। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना है।

बताया गया है कि 4 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ चलती स्लीपर बस में कथित गैंगरेप की घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमा सार्वजनिक परिवहन और यात्री वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसी के तहत नोएडा में भी पुलिस टीमों को संदिग्ध बसों और टैक्सियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार के पर्यवेक्षण में थाना सेक्टर-126 प्रभारी सुमनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में आने-जाने वाली संदिग्ध बसों और टैक्सियों को रोककर उनकी जांच की। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, चालक और अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यात्रियों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए भी जागरूक किया।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों और यात्री वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। थाना सेक्टर-126 पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

नोएडा पुलिस का संदेश साफ है—सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।।