बुलंदशहर: पत्नी से विवाद के बाद 200 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की सूझबूझ से बची जान!!
बुलंदशहर। पत्नी से विवाद और पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने अपनी जान देने के इरादे से 400 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर हड़कंप मचा दिया। घटना बुलंदशहर के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रेवाड़ा के पास जंगल की है। सूचना मिलते ही जहांगीराबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अपनी तत्परता, कार्यकुशलता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान वाजिद पुत्र साकिर, निवासी ग्राम रेवाड़ा, थाना जहांगीराबाद के रूप में हुई है। बताया गया कि पत्नी से विवाद के चलते वाजिद काफी परेशान था और इसी पारिवारिक कलह के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मियों ने बेहद संयम और सूझबूझ के साथ युवक से बातचीत की तथा उसे समझा-बुझाकर नीचे उतरने के लिए राजी किया। पुलिस की लगातार समझाइश और प्रयासों के बाद युवक सकुशल टावर से नीचे उतर आया।
करीब 200 फीट की ऊंचाई पर हाईटेंशन लाइन के टावर पर युवक के चढ़े होने की सूचना से मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई और युवक की जान बच गई।
युवक के सकुशल नीचे उतरने के बाद उसके परिजनों ने जहांगीराबाद पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, समझदारी और मानवीय संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर की गई त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ किसी भी गंभीर परिस्थिति को टालने में अहम भूमिका निभा सकती है।।
