मऊ :
आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने दिए सख्त निर्देश।
कानून-व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी में संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए बुधवार देर रात पुलिस लाइन मऊ के सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गंभीर घटनाओं में तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने जनशिकायतों एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने तथा आवश्यकता के अनुसार मौके पर जाकर स्थिति का सत्यापन करने को कहा। अपराधों की रोकथाम के लिए पैदल गश्त, पिकेट व्यवस्था और बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने गोवध के मामलों में अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ गुण्डा एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध मद्य निष्कर्षण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संभावित क्षेत्रों में लगातार चेकिंग और दबिश अभियान चलाने तथा संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा।
लूट की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पूर्व में ऐसे अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों का अभियान चलाकर सत्यापन करने और उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जमीन संबंधी विवादों में राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर मौके पर जाकर विवादों का समाधान कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आगामी त्योहारों को लेकर सभी थानों को पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त गश्त एवं पिकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता रखते हुए अफवाह फैलाने वाली भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने को कहा गया।
एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस, तहसील दिवस एवं थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों का पांच दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संगठित अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतते हुए संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखें।
