सोमवार, 31 अगस्त 2026

शामली: अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो इनामी शूटर ढेर; 50-50 हजार का था इनाम!!

शेयर करें:

शामली: अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो इनामी शूटर ढेर; 50-50 हजार का था इनाम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

शामली में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल; अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

दो टूक//शामली। हरियाणवी सिंगर, यूट्यूबर और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। शामली में पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो इनामी शूटर मारे गए। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास करने पर दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित पुत्र स्वर्गीय महेश, निवासी बईयापुर खुर्द, थाना सदर, सोनीपत, हरियाणा और सुमित पुत्र धर्मपाल, निवासी कुंडली, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। मोहित की उम्र करीब 22 वर्ष और सुमित की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

26 अगस्त को जिम के बाहर हुई थी अंकित बालियान की हत्या

अंकित बालियान की 26 अगस्त 2026 की शाम शामली कोतवाली क्षेत्र में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि अंकित जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिलों से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां कैद हुई थीं। जांच में करीब 25 सेकंड के भीतर 18 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई थी।

80 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

हत्याकांड के खुलासे के लिए शामली पुलिस और यूपी एसटीएफ की टीमों ने कई स्तरों पर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा आरोपियों की आवाजाही, संभावित रूट और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई।

पुलिस की जांच में सामने आया कि संदिग्ध शूटर हरियाणा के करनाल क्षेत्र से शामली पहुंचे थे। वारदात से पहले उन्होंने इलाके की रेकी की और अंकित के जिम से बाहर निकलने का इंतजार किया। हत्या के बाद उनके बागपत और सोनीपत की दिशा में भागने के सुराग भी पुलिस को मिले।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर कर दी फायरिंग

शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक, कोतवाली शामली क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दोनों पर घोषित था 50-50 हजार रुपये का इनाम

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए मोहित और सुमित अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे। दोनों की तलाश में पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार जुटी हुई थीं। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुठभेड़ के बाद पुलिस अब दोनों आरोपियों की भूमिका और उनके आपराधिक नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अंकित बालियान की हत्या की साजिश किसने रची, शूटरों को किसने निर्देश दिए और वारदात के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।

मुठभेड़ में दो शूटरों के ढेर होने से परिवार को इंसाफ की उम्मीद

अंकित बालियान हत्याकांड में दो कथित शूटरों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद अब परिवार और उनके समर्थकों की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर है। इस कार्रवाई से हत्याकांड की जांच को अहम दिशा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मामले में पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका का खुलासा होना अभी बाकी है।

अब मास्टरमाइंड तक पहुंचना पुलिस की बड़ी चुनौती

दो कथित शूटरों के मारे जाने के बाद पुलिस की जांच अब हत्याकांड की पूरी साजिश और इसके पीछे मौजूद लोगों तक पहुंचने पर केंद्रित है। पुलिस और एसटीएफ आरोपियों के संपर्कों, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अंकित बालियान की हत्या के पीछे असली साजिशकर्ता कौन था और शूटरों को किसने हत्या के लिए भेजा था। पुलिस का अगला फोकस इसी कड़ी को जोड़कर हत्याकांड के पूरे नेटवर्क और कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर है।।