रविवार, 30 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बेकाबू ट्रक कार पर पलटा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बेकाबू ट्रक कार पर पलटा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जेवर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेस-वे की दूसरी लेन में जा पहुंचा और वहां गुजर रही एक कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीम भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और राहत-बचाव टीम ने क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी दिशा में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से गुजर रही कार उसकी चपेट में आ गई और ट्रक कार के ऊपर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और एक्सप्रेस-वे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।

जेवर थाना क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक बेकाबू ट्रक ने देखते ही देखते चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।।