सोमवार, 31 अगस्त 2026

गोण्डा :गोवंश से टकराकर फार्च्यूनर में घुसी बाइक, 22 वर्षीय छात्र की मौत; साथी गंभीर।||Gonda:A 22-year-old student died after his bike collided with cattle and crashed into a Fortuner. His companion is seriously injured.||

शेयर करें:
गोण्डा :
गोवंश से टकराकर फार्च्यूनर में घुसी बाइक, 22 वर्षीय छात्र की मौत; साथी गंभीर।
संवाददाता - वीरेन्द्र कुमार
दो टूक : अयोध्या-गोण्डा हाईवे पर
वजीरगंज ब्लॉक के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, बाइक सवारों को संभलने का नहीं मिला मौका। यह हादसा रविवार देर शाम हुआ, तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आए गोवंश से टकरा गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित बाइक सामने से आ रही फार्च्यूनर कार में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय छात्र मुकेश पाण्डेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी आदित्य सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में गोवंश की भी मौत हो गई।
विस्तार:
जानकारी के मुताबिक मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोठिया गांव निवासी मुकेश पाण्डेय (22) पुत्र सोमनाथ अयोध्या स्थित निशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय में पढ़ाई करता था। वह गुरुकुल के हॉस्टल में मध्य प्रदेश निवासी अपने साथी आदित्य सिंह के साथ रहता था। रविवार को दोनों बाइक से अयोध्या से अपने घर की ओर आ रहे थे।
बताया गया कि दोनों जैसे ही वजीरगंज ब्लॉक के सामने पहुंचे, उसी दौरान सड़क पर एक सांड से बचकर भाग रही गाय अचानक बाइक के सामने आ गई। बाइक सवार कुछ समझ पाते, इससे पहले बाइक गोवंश से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक बेकाबू होकर सामने से आ रही फार्च्यूनर कार में जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और फार्च्यूनर को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक की चपेट में आने से गोवंश ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद हाईवे पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आदित्य को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मुकेश के परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, हाईवे पर निराश्रित गोवंश के खुले में घूमने से लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और गोवंश प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे से गोवंश हटाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग की है।