गौतमबुद्धनगर: शाहपुर गोवर्धनपुर को मॉडल ग्राम बनाने की पहल, एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने अमृत सरोवर के पास किया पौधारोपण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
ग्राम विकास संगठन ने गांव की समस्याओं से कराया अवगत, अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण समेत मूलभूत सुविधाओं की उठाई मांग
दो टूक//नोएडा, 26 सितंबर। ग्राम विकास संगठन की पहल पर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने ग्राम शाहपुर गोवर्धनपुर, सेक्टर-128 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में बने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया और उसके आसपास पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। एसीईओ ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाए और ग्रामीण क्षेत्र के विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि संगठन के संयोजक डीपी चौहान के आग्रह पर एसीईओ वंदना त्रिपाठी गांव पहुंचीं। उन्होंने अमृत सरोवर के आसपास पौधारोपण करने के साथ ही गांव का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
ग्राम विकास संगठन के संयोजक डीपी चौहान ने एसीईओ के समक्ष गांव की विभिन्न विकास संबंधी मांगें रखीं। उन्होंने पानी की टंकी के पास सुलभ शौचालय का निर्माण, अमृत सरोवर के आसपास सुरक्षा के लिए ग्रिल लगाने, लोगों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था तथा गांव में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने शाहपुर गोवर्धनपुर को एक मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी।
डीपी चौहान ने कहा कि गांव में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ अमृत सरोवर और उसके आसपास के क्षेत्र को सुंदर एवं उपयोगी बनाया जाए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर वातावरण मिल सके और गांव विकास की मिसाल बन सके।
वहीं, ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान लगातार ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ विकास कार्यों के लिए प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद स्थापित करने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है। संगठन की गतिविधियों और ग्रामीण हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखने के कारण वह संगठन की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, राम गोपाल, धीर सिंह, सतपाल, लज्जा राम, अरुण चौहान, लाल सिंह गौतम, सच्चे चौहान, सतेन्द्र चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।।
