गोण्डा- थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत गांधी पार्क के निकट सगरा तालाब में रविवार दोपहर बाद एक अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सीओ नगर योगेन्द्र सिंह ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।