बुधवार, 30 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: डेंगू-मलेरिया पर नोएडा प्राधिकरण अलर्ट, अक्टूबर में सेक्टरों और गांवों में चलेगा विशेष एंटी लार्वा व फॉगिंग अभियान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: डेंगू-मलेरिया पर नोएडा प्राधिकरण अलर्ट, अक्टूबर में सेक्टरों और गांवों में चलेगा विशेष एंटी लार्वा व फॉगिंग अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने कमर कस ली है। प्राधिकरण के वर्क सर्किल-01 से 05 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न सेक्टरों और गांवों में अक्टूबर माह के दौरान विशेष एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रों के अनुसार रोस्टर तैयार किया गया है, जिसके तहत प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।

अभियान के दौरान गड्ढों, नालियों और अन्य स्थानों पर एकत्रित पानी में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया जाएगा। इसका उद्देश्य पानी में मौजूद मच्छरों के लार्वा को नष्ट करना और उनकी संख्या बढ़ने से रोकना है। इसके अलावा झाड़ियों, गंदगी वाले स्थानों और मच्छरों के पनपने वाले संभावित क्षेत्रों में फॉगिंग कराई जाएगी।

चिन्हित स्थानों पर होगी विशेष कार्रवाई

नोएडा प्राधिकरण की ओर से अभियान के तहत संबंधित क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर फॉगिंग भी कराई जाएगी। जनमानस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने-अपने क्षेत्रों में फॉगिंग मशीन और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा प्रभावी कार्रवाई कराएं।

प्राधिकरण का जोर ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर रहेगा, जहां जलभराव, गंदगी या झाड़ियों के कारण मच्छरों के प्रजनन की संभावना अधिक रहती है। अभियान के दौरान इन स्थानों पर नियमित रूप से एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग की कार्रवाई की जाएगी।

घरों के आसपास पानी जमा न होने देने की अपील

नोएडा प्राधिकरण ने शहरवासियों से भी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की है। प्राधिकरण ने लोगों से कहा है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, छतों तथा अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करते रहें, ताकि वहां मच्छरों को पनपने का मौका न मिले।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और पानी जमा होने वाले स्थानों की नियमित सफाई करें। डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरों के प्रजनन को रोकना बेहद जरूरी है, जिसमें प्रशासन के साथ-साथ आमजन की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

नोएडा प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में स्वच्छ, स्वस्थ एवं मच्छरमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है। अक्टूबर माह में चलाए जाने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से सेक्टरों और गांवों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने और अपने आसपास जलभराव एवं गंदगी की स्थिति पैदा न होने देने की अपील की है।।