गुरुवार, 3 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के डूब क्षेत्र की 50 कॉलोनियां अंधेरे में, हजारों परिवार बिजली से वंचित; सतेन्द्र शर्मा बोले—‘हर पात्र परिवार को मिले कनेक्शन’

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के डूब क्षेत्र की 50 कॉलोनियां अंधेरे में, हजारों परिवार बिजली से वंचित; सतेन्द्र शर्मा बोले—‘हर पात्र परिवार को मिले कनेक्शन’

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

कांग्रेस नेता ने सरकार और बिजली विभाग से तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल करने और वैध कनेक्शन जारी करने की उठाई मांग

दो टूक//नोएडा, 3 सितंबर 2026। नोएडा विधानसभा क्षेत्र के डूब क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर कांग्रेस ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं नोएडा विधानसभा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि डूब क्षेत्र की करीब 50 कॉलोनियों में वर्षों से रह रहे हजारों परिवार आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। कई कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति काट दिए जाने तथा नए विद्युत कनेक्शन नहीं दिए जाने से लोगों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

सतेन्द्र शर्मा ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग से मांग की है कि डूब क्षेत्र की प्रभावित कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों को तत्काल नियमित और सुरक्षित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, नियमानुसार पात्र परिवारों को वैध विद्युत कनेक्शन जारी किए जाएं, ताकि उन्हें अंधेरे में रहने के लिए मजबूर न होना पड़े।

उन्होंने कहा कि डूब क्षेत्र में रहने वाले अधिकांश परिवार वर्षों से अपने घरों में रह रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में गरीब, मजदूर, मध्यमवर्गीय और मेहनतकश परिवार शामिल हैं। बिजली आज कोई विलासिता नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की बुनियादी जरूरत है। ऐसे में हजारों परिवारों को बिजली जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित रखना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

‘बिजली चोरी रोकें, लेकिन वैध कनेक्शन से वंचित न करें’

सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करना बिजली विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके साथ-साथ जो नागरिक नियमानुसार वैध विद्युत कनेक्शन लेना चाहते हैं, उन्हें कनेक्शन उपलब्ध कराना भी विभाग की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान केवल बिजली काटने से नहीं होगा। सरकार और बिजली विभाग को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित इलाकों की वास्तविक स्थिति का सर्वे कराना चाहिए और पात्र परिवारों को नियमों के तहत बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए।

बच्चों की पढ़ाई से लेकर सुरक्षा तक पर पड़ रहा असर

कांग्रेस नेता ने कहा कि बिजली के अभाव का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों और महिलाओं की सुविधा तथा आम नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ रहा है। रात के समय बिजली न होने से अंधेरे में रहने वाले परिवारों की परेशानियां और बढ़ जाती हैं। ऐसे में इस समस्या को केवल प्रशासनिक विषय के तौर पर नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता के साथ देखने की जरूरत है।

उन्होंने मांग की कि डूब क्षेत्र की सभी प्रभावित कॉलोनियों का तत्काल सर्वे कराया जाए। जिन परिवारों की बिजली आपूर्ति काटी गई है, उनकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए तथा नियमानुसार पात्र निवासियों के घरों में मीटर लगाकर वैध विद्युत कनेक्शन दिए जाएं।

समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस करेगी लोकतांत्रिक आंदोलन

सतेन्द्र शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग और प्रशासन ने इस गंभीर जनसमस्या का जल्द समाधान नहीं किया तो नोएडा विधानसभा कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी विभाग या अधिकारी का विरोध करना नहीं है, बल्कि आम नागरिकों के मूलभूत अधिकारों की रक्षा करना है। डूब क्षेत्र में रहने वाले नागरिक भी नोएडा का हिस्सा हैं और उन्हें भी रोशनी, शिक्षा, सुरक्षा तथा सम्मान के साथ जीवन जीने का पूरा अधिकार है।

सतेन्द्र शर्मा ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से अपील की कि मामले में तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति बहाल कराने और पात्र परिवारों को वैध विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।।