गौतमबुद्धनगर: एक साल से फरार 10 हजार का इनामी गोकशी का आरोपी गिरफ्तार, दनकौर पुलिस ने मुरादनगर से दबोचा!!
आरोपी के खिलाफ गोकशी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत 11 मुकदमे दर्ज; चपरगढ़-ऐच्छेजा के जंगल में दो गोवंशीय पशुओं के वध के मामले में था वांछित
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना दनकौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त नईम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुरादनगर क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ रोड स्थित रावली रोड तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ गौवध, पशु क्रूरता, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को थाना दनकौर में वादी की तहरीर के आधार पर चपरगढ़-ऐच्छेजा के जंगल में अज्ञात लोगों द्वारा दो गोवंशीय पशुओं का वध किए जाने के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 251/2025 दर्ज किया गया था। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम और गौवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
जांच और पुलिस कार्रवाई के दौरान मामले में नईम पुत्र करमइलाही का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुरादनगर से पुलिस ने किया गिरफ्तार
थाना दनकौर पुलिस ने 3 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी नईम को मुरादनगर, मेरठ-दिल्ली रोड पर रावली रोड तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 32 वर्ष है और वह मुरादनगर के मोहल्ला मनिहारन वाली गली का निवासी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गौकशी से जुड़े मामलों के अलावा गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं।
मामले में दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
पुलिस ने बताया कि इसी मुकदमे में वांछित अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है। राजा पुत्र हाकमीन, निवासी ग्राम शेखपुर खिचरा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ को 10 अक्टूबर 2025 को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं आसिफ पुत्र अब्दुल हसन उर्फ चुन्ना, निवासी ग्राम सालेपुर कोटला, थाना कपूरपुर, जनपद हापुड़ को 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
आरोपी पर दर्ज हैं 11 मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नईम के खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना मुरादनगर, हापुड़नगर और दनकौर में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दनकौर पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के रूप में देखा जा रहा है।।
