गौतमबुद्धनगर: कारपेंटर बनकर सोसाइटी में पहुंचा, मौका मिलते ही कर डाली लाखों की चोरी; बिसरख पुलिस ने 48 घंटे में दबोचा!!
कैपिटल एथिना सोसाइटी के फ्लैट से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान बरामद, पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कैपिटल एथिना सोसाइटी में घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी करने के मामले का थाना बिसरख पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को कैपिटल एथिना सोसाइटी में अज्ञात चोर ने एक फ्लैट को निशाना बनाया था। चोर घर में घुसकर दो सोने के कंगन, सोने की अंगूठी, दो कान के टॉप्स, रोज गोल्ड की चैन और अंगूठी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना बिसरख में मु0अ0सं0 626/2026, धारा 105(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
कारपेंटर का काम करने के दौरान बनाई चोरी की योजना
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सोहेब पुत्र सफीक, उम्र करीब 21 वर्ष, मूल रूप से गाजियाबाद के मसूरी-डासना क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी कैपिटल एथिना सोसाइटी के टावर-6 स्थित एक फ्लैट में कारपेंटर का काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सामने वाले फ्लैट पर पड़ी।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को सामने वाले फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। मौका देखकर वह किचन के रास्ते फ्लैट के अंदर दाखिल हुआ और कमरे में रखी अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी करने के बाद वह उसी रास्ते से बाहर निकल गया।
48 घंटे में पुलिस ने किया घटना का खुलासा
थाना बिसरख पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश की। पुलिस टीम ने 3 सितंबर 2026 को घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी सोहेब को थाना बिसरख क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की ज्वैलरी और अन्य सामान बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रोज गोल्ड सेट, जिसमें एक चैन, दो टॉप्स और डायमंड लगी एक रिंग शामिल है, बरामद किया है। इसके अलावा पीली धातु की एक अंगूठी, छह कंगन, सफेद धातु का एक ब्रेसलेट, एक छोटी चैन, तीन बिछवे, एक लॉक, तीन मोरनुमा लॉकेट वाली एक चैन तथा मुकदमे से संबंधित 537 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
सोहेब पुत्र सफीक, निवासी आनंद विहार कॉलोनी, थाना मसूरी-डासना, गाजियाबाद, उम्र करीब 21 वर्ष।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना बिसरख में मु0अ0सं0 626/2026, धारा 105(ए), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से सोसाइटी में घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।।
