गौतमबुद्धनगर: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ई-बस सेवा को मिली रफ्तार, यात्रियों की संख्या दोगुने से भी ज्यादा बढ़ी; जल्द जुड़ेंगी 25 नई बसें!!
कम किराये में बेहतर सफर से बढ़ा लोगों का भरोसा, गांवों और सेक्टरों को नए रूटों से जोड़ने की तैयारी
दो टूक//नोएडा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में संचालित की जा रही ई-बस सेवा को आमजन का बेहतर रिस्पांस मिल रहा है। कम किराये में सुविधाजनक और जनोपयोगी सफर उपलब्ध कराने वाली इन ई-बसों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब ई-बस सेवा के विस्तार की तैयारी भी तेज कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से 15 जून 2026 से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में कुल 100 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें 50 ई-बसें नोएडा क्षेत्र, 25 ग्रेटर नोएडा और 25 ई-बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित की जा रही हैं।
डेढ़ लाख से बढ़कर 3.40 लाख हुए यात्री
ई-बस सेवा शुरू होने के बाद लोगों की बढ़ती दिलचस्पी का असर यात्रियों की संख्या पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जुलाई माह में इन बसों से सफर करने वाले यात्रियों की कुल संख्या करीब 1.50 लाख थी, जो अगस्त में बढ़कर लगभग 3.40 लाख पहुंच गई। यानी महज एक महीने में यात्रियों की संख्या में दो गुने से भी अधिक की वृद्धि हुई है।
यात्रियों की संख्या में हुई इस उल्लेखनीय वृद्धि का सीधा असर ई-बस सेवा से प्राप्त होने वाले राजस्व पर भी पड़ा है। अगस्त में बसों से प्राप्त राजस्व में लगभग दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई है। इससे साफ है कि कम किराये और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था के कारण आम लोगों का रुझान ई-बसों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
25 नई ई-बसें जोड़ने की तैयारी
ई-बस सेवा को मिल रहे सकारात्मक रिस्पांस के बीच विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों के लोगों की ओर से बसों की संख्या बढ़ाने तथा नए रूट शुरू करने की मांग लगातार सामने आ रही है। आमजन की मांग और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वर्तमान में संचालित ई-बसों के बेड़े में अतिरिक्त 25 ई-बसें जल्द जोड़ने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा नए रूट निर्धारित करने के लिए सर्वे का काम भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसे गांवों, सेक्टरों और प्रमुख स्थानों को ई-बस नेटवर्क से जोड़ना है, जहां अभी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित है। नए रूट तैयार होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को सस्ती और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
नोएडा में पांच प्रमुख रूटों पर चल रही ई-बसें
वर्तमान में नोएडा क्षेत्र में 50 ई-बसों का संचालन पांच प्रमुख रूटों पर किया जा रहा है। इन रूटों के माध्यम से नोएडा के प्रमुख सेक्टरों, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, ग्रेटर नोएडा, दनकौर, रबूपुरा, जेवर एयरपोर्ट, गाजियाबाद और दिल्ली के प्रमुख परिवहन केंद्रों को जोड़ा गया है।
रूट नंबर-1 पर बॉटेनिकल गार्डन से गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, होशियारपुर, सेक्टर-51, पर्थला, गौर चौक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक मूर्ति गोलचक्कर, सूरजपुर कलेक्ट्रेट होते हुए परी चौक तक ई-बस सेवा उपलब्ध है।
रूट नंबर-2 पर बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-44, छलेरा, एमिटी स्कूल, एक्सप्रेसवे, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और रबूपुरा होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक बसें संचालित की जा रही हैं।
रूट नंबर-3 बॉटेनिकल गार्डन से शुरू होकर सेक्टर-37 अंडरपास, छलेरा, अगाहपुर, बरौला, सेक्टर-50, सेक्टर-75, सेक्टर-116, सेक्टर-78, फुलेरा मंडी, कुलेसरा होते हुए सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक जाता है।
रूट नंबर-4 के तहत बॉटेनिकल गार्डन से गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, सेक्टर-52, साई मंदिर, सेक्टर-61, सेक्टर-62, प्रताप विहार गाजियाबाद और आरआरटीएस स्टेशन होते हुए गाजियाबाद के नए बस अड्डे तक ई-बस सेवा संचालित है।
वहीं रूट नंबर-5 पर बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-16, नोएडा प्रवेश गेट, सेक्टर-14, अक्षरधाम और कौशांबी होते हुए आनंद विहार बस स्टेशन तक ई-बस सेवा उपलब्ध है।
शिकायत और सुझाव के लिए हेल्पलाइन जारी
ई-बस सेवा को और बेहतर बनाने के लिए आमजन से शिकायत और सुझाव भी लिए जा रहे हैं। इसके लिए 1800-180-2877 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। यात्री बस सेवा से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत, समस्या या सुझाव इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।
प्राधिकरण की ओर से ई-बस सेवा के विस्तार और नए रूटों के सर्वे का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुगम, सस्ता और सुविधाजनक बनाना है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले समय में ई-बसों की संख्या और रूट बढ़ने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।।
