सोमवार, 28 सितंबर 2026

लखनऊ :बाथरूम में मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला बाहर।/||Lucknow:The body of a 40-year-old man was found in the bathroom; police broke down the door and pulled him out.||

शेयर करें:

लखनऊ :
बाथरूम में मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला बाहर।
कमरे के अंदर से नल का पानी बहने की सूचना पर पहुंची पुलिस, मुंह-नाक से निकला था खून।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बाजार खाला थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे के अंदर बाथरूम में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया, जहां बाथरूम में व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला।
विस्तार :
 जानकारी के अनुसार, सोमवार 28 सितंबर 2026 को करीब दोपहर 2 बजे थाना बाजार खाला क्षेत्र के चूड़ी वाली गली, कांदा टिकैतगंज में पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कमरे के अंदर है। बाहर से दरवाजा खटखटाने के बावजूद वह दरवाजा नहीं खोल रहा है। बताया गया कि कमरे के अंदर नल का पानी भी खुला हुआ था, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही बाजार खाला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान पीआरवी भी मौके पर मौजूद थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे का गेट तुड़वाकर खुलवाया।
कमरे के अंदर बने बाथरूम में मनोज कुमार पुत्र स्वर्गीय कृष्ण बहादुर रस्तोगी, उम्र करीब 40 वर्ष, मृत अवस्था में पाए गए। मृतक के मुंह और नाक से रक्त निकलकर आसपास बिखरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
परिजनों द्वारा थाना बाजार खाला पर फौती सूचना दी गई। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।