शनिवार, 19 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अंतर्राज्यीय वाहन चोर-स्नेचर गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार; 22 दोपहिया वाहन और 31 मोबाइल बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अंतर्राज्यीय वाहन चोर-स्नेचर गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार; 22 दोपहिया वाहन और 31 मोबाइल बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने चोरी और मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-24 पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी के 22 दोपहिया वाहन, स्नेचिंग के 31 मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो बाल अपचारियों को भी पुलिस संरक्षण में लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 18 सितंबर 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर की गई। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल स्नेचिंग में सक्रिय गिरोह की जानकारी जुटाने के बाद कार्रवाई करते हुए विक्की यादव उर्फ मोटा, करण नागर, रविन्द्र और विश्वा महतो उर्फ राजा को थाना सेक्टर-24 और थाना खोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

सुनसान स्थानों से वाहन चोरी कर स्नेचिंग में करते थे इस्तेमाल

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पहले रैकी करते थे और सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को बदल-बदलकर इस्तेमाल करते हुए दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में सड़क किनारे चलने वाले लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए वाहनों की पहचान से बचने के लिए आरोपी उन्हें जंगल, झाड़ियों और अन्य सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। स्नेचिंग किए गए कुछ मोबाइल फोन राहगीरों को कम कीमत में बेच दिए जाते थे, जबकि कुछ मोबाइल फोन गिरोह का आरोपी विश्वा महतो उर्फ राजा बिहार ले जाकर वहां अपेक्षाकृत अधिक कीमत पर बेचता था।

मोबाइल फोन बेचकर मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे और अपने शौक-मौज पर खर्च करते थे।

तीन आरोपियों के कब्जे से अवैध चाकू बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल तीन अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। इनमें विक्की यादव उर्फ मोटा, रविन्द्र और विश्वा महतो उर्फ राजा के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार आरोपियों में विक्की यादव उर्फ मोटा (19 वर्ष) पुत्र राम शंकर निवासी घड़ोली डेयरी फार्म, दिल्ली, करण नागर (19 वर्ष) पुत्र मुकेश नागर निवासी मयूर विहार फेस-3, थाना गाजीपुर, दिल्ली, रविन्द्र (21 वर्ष) पुत्र सियाराम निवासी मयूर विहार फेस-3, थाना गाजीपुर, दिल्ली तथा विश्वा महतो उर्फ राजा (26 वर्ष) पुत्र रमाकान्त महतो निवासी ग्राम व थाना मोदीनगर, समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान पता खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद शामिल हैं।

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, स्नेचिंग और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना सेक्टर-24 में मु0अ0सं0 488/26, 478/26, 489/26, थाना बिसरख में मु0अ0सं0 793/25, थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 177/26 तथा दिल्ली के थाना सरिता विहार और न्यू अशोक नगर में भी मुकदमे शामिल हैं।

इसके अलावा थाना सेक्टर-24 में मु0अ0सं0 490/2026 के तहत धारा 317(2)/317(4)/317(5)/112(2) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी अभियोग दर्ज किया गया है।

पुलिस की बड़ी बरामदगी

थाना सेक्टर-24 पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 22 चोरी के दोपहिया वाहन, 31 स्नेचिंग किए गए मोबाइल फोन, 2,500 रुपये नकद और तीन अवैध चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों और मोबाइल फोन के संबंध में दर्ज अन्य घटनाओं का मिलान कर गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।।