सोमवार, 28 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में नई पीढ़ी ने दिखाई कला-संस्कृति की समृद्ध विरासत, 300 विद्यार्थियों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में नई पीढ़ी ने दिखाई कला-संस्कृति की समृद्ध विरासत, 300 विद्यार्थियों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 28 सितंबर। आधुनिक कारोबार, उद्योग और वैश्विक अवसरों के मंच यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में रविवार को नई पीढ़ी ने भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध विरासत को अपनी प्रतिभा के जरिए जीवंत कर दिया। कहीं नृत्य की थिरकन और सुरों की गूंज सुनाई दी तो कहीं कैनवास पर संस्कृति के रंग उभरते नजर आए। पारंपरिक कला और हस्तशिल्प में भी विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

कला एवं संस्कृति प्रतियोगिता में 28 से अधिक स्कूलों के 300 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जेन जी और जेन अल्फा के विद्यार्थियों ने प्रस्तुति कला, दृश्य कला तथा ‘हाथों की विरासत’ कला एवं शिल्प जैसी तीन विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता का आयोजन जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने सह-नोडल विद्यालय ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, मौलिकता और प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।

सुर-ताल में गूंजा संस्कृति का रंग

प्रस्तुति कला के कक्षा 6 से 8 वर्ग में एस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की तोशिता ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्रीराम मिलेनियम स्कूल, नोएडा की अर्शिया महाजन द्वितीय और ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की ग्रुप सॉन्ग टीम तृतीय स्थान पर रही।

कक्षा 9 से 12 वर्ग में बेथनी कॉन्वेंट स्कूल की युविका एवं चार्वी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की संस्कृति पाठक तथा ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल की अर्पिता संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं, जबकि जेपी पब्लिक स्कूल की सांची ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कैनवास पर विद्यार्थियों ने उकेरी सांस्कृतिक विरासत

दृश्य कला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से भारतीय संस्कृति के विभिन्न रंगों को कैनवास पर उतारा। कक्षा 6 से 8 वर्ग में स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की वर्णिका त्यागी प्रथम, ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल की अंशी मौर्य द्वितीय और जेपी पब्लिक स्कूल की कृतिका सिंह तृतीय रहीं।

कक्षा 9 से 12 वर्ग में स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की अंशिका शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल की तान्या चौहान द्वितीय और रयान इंटरनेशनल स्कूल की चार्वी बघेल तृतीय स्थान पर रहीं।

‘हाथों की विरासत’ में दिखी हुनर की चमक

‘हाथों की विरासत’ कला एवं शिल्प प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पारंपरिक कला और शिल्प को अपनी रचनात्मक सोच के साथ नया रूप दिया। कक्षा 6 से 8 वर्ग में स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की सानवी सिंह प्रथम, ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के लोविश भाटी द्वितीय और जेपी पब्लिक स्कूल की श्रद्धा तृतीय रहीं।

कक्षा 9 से 12 वर्ग में जेपी पब्लिक स्कूल के नवदीप तोमर एवं अनिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के सार्थक द्वितीय और स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की सानवी सिंह तृतीय रहीं।

जेपी पब्लिक स्कूल की सांची, कृतिका सिंह और श्रद्धा ने अपनी-अपनी विधाओं में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया, जबकि नवदीप तोमर एवं अनिका ने ‘हाथों की विरासत’ में प्रथम स्थान हासिल किया।

शिक्षकों और निर्णायक मंडल ने बढ़ाया उत्साह

प्रतियोगिता का आयोजन जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या मीता भंडूला और ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या अदिति बसु के मार्गदर्शन में हुआ। प्रतियोगिता के समन्वय की जिम्मेदारी जेपी पब्लिक स्कूल की हेडमिस्ट्रेस रितु भटनागर और ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल की सुशीला ने संभाली।

निर्णायक मंडल में पी.टी. डी.यू. मॉडल इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. बिनिता, राजकीय उच्च विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रजनी पिलानी, केंद्रीय विद्यालय दिल्ली के कला विशेषज्ञ आर.पी. पॉल तथा DJIC, होशियारपुर की गीतांजलि शामिल रहीं।

निर्णायकों ने विद्यार्थियों की मौलिकता, रचनात्मकता, प्रस्तुति कौशल और सांस्कृतिक विरासत की समझ की सराहना की। प्रतियोगिता ने यह संदेश भी दिया कि आधुनिकता और वैश्विक मंच के बीच नई पीढ़ी अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर उन्हें नए अंदाज में आगे बढ़ाने की क्षमता रखती है।।