लखनऊ :
गांव-गांव रेकी, कार से बकरियों की चोरी—छह गिरफ्तार, 3 बकरियां और 3300 रुपये बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज पुलिस ने गांव-गांव घूमकर बकरियों की रेकी करने और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर कार से ले जाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की तीन बकरियां, बकरी बेचकर मिले 3300 रुपये और वारदात में इस्तेमाल दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं।
विस्तार :
कोतवाली मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू के मुताबिक 9 सितंबर 2026 को मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हुलासखेड़ा निवासी माता प्रसाद के घर का ताला तोड़कर 13 बकरियां चोरी कर ली गई थीं। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 339/2026 धारा 305(a)/331(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया था।
इसके अलावा 26 सितंबर को ग्राम भसंडा निवासी नंदकिशोर की तीन बकरियां अज्ञात चार पहिया वाहन सवार लोग चोरी कर ले गए थे। इस मामले में मुकदमा संख्या 355/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए मोहनलालगंज पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपितों की पहचान की। इसके बाद 28 सितंबर को छह आरोपितों—चन्द्रप्रकाश, शुभम धानुक, अनस, विकास उर्फ नन्हके, गोलू भारती और अमन रावत को गिरफ्तार कर लिया।
स्विफ्ट डिजायर और सियाज कार से करते थे रेकी।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपितों ने बताया कि वे स्विफ्ट डिजायर और सियाज कार से दिन-रात गांवों में घूमकर घरों के बाहर अथवा अंदर बंधी बकरियों की रेकी करते थे। मौका देखकर योजनाबद्ध तरीके से दोनों कारों की मदद से बकरियों को चोरी कर लेते थे।
पुलिस के मुताबिक चोरी की गई बकरियों को अनस की दुकान पर बेच दिया जाता था, जिसके बाद बिक्री से प्राप्त रकम को आरोपित आपस में बांट लेते थे।
छह आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में चन्द्रप्रकाश निवासी तोपखाना बाजार थाना कैंट, शुभम धानुक निवासी कल्याण मंडप थाना हुसैनगंज, अनस निवासी मूल रूप से रुदौली अयोध्या व हाल निवासी आशियाना, विकास उर्फ नन्हके निवासी नीलमथा सुशांत गोल्फ सिटी, गोलू भारती निवासी रिक्शा कॉलोनी आशियाना और अमन रावत निवासी हमीरपुर नीलमथा सुशांत गोल्फ सिटी शामिल हैं।
गोलू भारती पर सबसे ज्यादा मुकदमे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में गोलू भारती के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, मारपीट, धमकी समेत गैंगस्टर एक्ट का मामला भी शामिल है। वहीं अनस के खिलाफ एक, विकास उर्फ नन्हके के खिलाफ एक और अमन रावत के खिलाफ दो मुकदमे पूर्व से दर्ज बताए गए हैं।
दो चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा।
मोहनलालगंज पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के जरिए दो मामलों का अनावरण करने का दावा किया है। इनमें 9 सितंबर को हुलासखेड़ा से 13 बकरियों की चोरी तथा 26 सितंबर को भसंडा से तीन बकरियों की चोरी का मामला शामिल है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन बकरियां, बकरी बिक्री से प्राप्त 3300 रुपये और वारदात में इस्तेमाल दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
