सोमवार, 28 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: 30 एमओयू से बड़े बाजार तक पहुंचेगी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की मेहनत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 30 एमओयू से बड़े बाजार तक पहुंचेगी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की मेहनत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ट्रेड शो में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- महिला समूहों को कारोबार विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग दे रही योगी सरकार

अगले सत्र से डेढ़ करोड़ प्राथमिक स्कूली बच्चों की ड्रेस तैयार करने से जोड़े जाएंगे महिला समूह

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 28 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजार और नामी कंपनियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से आयोजित बायर-सेलर मीट में स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न कंपनियों के बीच करीब 30 एमओयू किए गए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में हुए इन समझौतों को महिला समूहों के उत्पादों के लिए नए बाजार और बड़े खरीदार उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रेड शो के दौरान हुए सभी एमओयू की लगातार निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि समझौते केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर भी उनका प्रभाव दिखाई दे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार नए अवसर उपलब्ध करा रही है।

डेढ़ करोड़ बच्चों की ड्रेस तैयार करने से जुड़ेंगे महिला समूह

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगले शैक्षिक सत्र से प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब डेढ़ करोड़ बच्चों की ड्रेस तैयार कराने के कार्य में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जोड़ने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर ड्रेस तैयार करने का काम मिलने से महिला समूहों के लिए रोजगार और कारोबार का व्यापक अवसर पैदा होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ से आगे ‘करोड़पति दीदी’ बनाने का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण के साथ-साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर भी सरकार का विशेष जोर है।

उत्पाद बनाने वाली महिलाओं की सीधे कंपनियों से बनी कड़ी

बायर-सेलर मीट में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पाद कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं और बड़े खरीदारों के बीच सीधा कारोबारी संपर्क स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान लघु फिल्म के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं की सफलता की कहानियां भी प्रदर्शित की गईं। प्रेरणा कैंटीन और सरस हाट के जरिए अपने कारोबार को आगे बढ़ाने वाली महिलाओं के अनुभवों को भी साझा किया गया।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार ने कहा कि लाखों महिलाएं आजीविका मिशन से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ट्रेड शो इन महिलाओं के उत्पादों को बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाजार तथा संभावित खरीदारों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।

पांच लाख के ऋण से शुरू किया कारोबार, अब छह लाख सालाना टर्नओवर

सिद्धार्थनगर के आजाद स्वयं सहायता समूह की सरोज देवी ने बताया कि उन्होंने पांच लाख रुपये का ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू किया था। सरकारी सहयोग से ऋण चुकाने के बाद अब उनका वार्षिक कारोबार करीब छह लाख रुपये तक पहुंच गया है।

इसी तरह अमरोहा के प्रियांशी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी कौशल्या ने तीन लाख रुपये के ऋण से मसाला कारोबार शुरू किया। उनका वार्षिक कारोबार भी छह लाख रुपये से अधिक हो चुका है। वहीं नवी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की शफीका ने बताया कि उनका कारोबार अब 10 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है।

उत्पादन के साथ बाजार उपलब्ध कराने पर जोर

ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए खरीदार कंपनियों के साथ एमओयू की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं को केवल उत्पादन तक सीमित रहने के बजाय अपने उत्पादों के लिए बेहतर और स्थायी बाजार भी मिल सकेगा।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार, संयुक्त मिशन निदेशक प्रवीणानंद और चंद्रशेखर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।