शुक्रवार, 4 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण के नए दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; 270 से ज्यादा कर्मचारी कराए गए बाहर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण के नए दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; 270 से ज्यादा कर्मचारी कराए गए बाहर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-96 स्थित कार्यालय में करीब दो घंटे चला सघन सर्च ऑपरेशन, बेसमेंट से सातवीं मंजिल तक खंगाला गया परिसर; पार्किंग में खड़े वाहनों की भी हुई जांच

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को हड़कंप मच गया। कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर कार्यालय में मौजूद 270 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे प्रशासनिक भवन को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा टीमों ने बेसमेंट से लेकर सातवीं मंजिल तक एक-एक हिस्से की बारीकी से जांच की। कार्यालय के कमरों, कॉरिडोर, सीढ़ियों और अन्य स्थानों के साथ-साथ परिसर में खड़े वाहनों की भी तलाशी ली गई।

करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा टीमों ने संभावित खतरे को देखते हुए पूरे परिसर को खंगाला। इस दौरान किसी भी कमरे या परिसर से बम, विस्फोटक अथवा कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जांच में धमकी को हॉक्स यानी फर्जी धमकी माना जा रहा है।

धमकी भरे ई-मेल में लिखा था ‘खालिस्तान जिंदाबाद’

पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ लिखा होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही ई-मेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी का नाम भी लिखे होने की जानकारी मिली है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है और ई-मेल की वास्तविकता तथा इसे भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

धमकी मिलने के बाद कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेते हुए पूरे भवन और पार्किंग क्षेत्र की गहन जांच की।

साइबर टीम खंगाल रही ई-मेल की कड़ियां

धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले तक पहुंचने के लिए पुलिस की साइबर टीम तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

गुरुग्राम नगर निगम को भी मिली धमकी

इसी बीच गुरुग्राम नगर निगम को भी इसी तरह की धमकी मिलने की सूचना सामने आई है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि नोएडा और गुरुग्राम में मिले धमकी भरे ई-मेल के बीच कोई संबंध है या दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं।

फिलहाल नोएडा प्राधिकरण कार्यालय की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। वहीं, धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए थाना सेक्टर-39 पुलिस एवं साइबर टीम की जांच जारी है।।