शुक्रवार, 4 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: एटीएम में गोंद का जाल, पिन पर नजर और प्लास से कार्ड साफ! सेक्टर-113 पुलिस ने शातिर गिरोह के 3 सदस्यों को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एटीएम में गोंद का जाल, पिन पर नजर और प्लास से कार्ड साफ! सेक्टर-113 पुलिस ने शातिर गिरोह के 3 सदस्यों को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

वेदवन पार्क के पास से हुई गिरफ्तारी, प्लास, दो चाकू, मोबाइल फोन और नकदी बरामद; पूछताछ में सामने आया एटीएम ठगी का पूरा खेल

दो टूक//नोएडा। एटीएम मशीन में गोंद लगाकर लोगों के कार्ड फंसाने और उनका पिन देखकर बाद में कार्ड निकालकर नकदी उड़ाने वाले शातिर गिरोह का थाना सेक्टर-113 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक प्लास, दो घरेलू चाकू, दो मोबाइल फोन, एक सफेद थैला और 3030 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वेदवन पार्क के पास से महादेव हल्दर, साबिर और आबिद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने एटीएम कार्ड के जरिए धोखाधड़ी करने के अपने तरीके का खुलासा किया।

एटीएम में गोंद लगाकर फंसाते थे कार्ड

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनों मिलकर एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में गोंद लगा देते थे। इसके बाद जब कोई व्यक्ति एटीएम में कार्ड डालता था तो कार्ड मशीन में फंस जाता था।

इसी दौरान गिरोह का एक सदस्य एटीएम कक्ष के अंदर रहकर ग्राहक द्वारा डाला जा रहा एटीएम पिन यानी पासवर्ड देख लेता था। जब ग्राहक कार्ड मशीन में फंसने के बाद एटीएम से बाहर निकलकर चला जाता था, तब आरोपी प्लास और चाकू की मदद से मशीन में फंसा कार्ड निकाल लेते थे।

दूसरे एटीएम से निकालते थे खाते की रकम

कार्ड हाथ लगने के बाद आरोपी किसी दूसरे एटीएम पर पहुंचते थे और पहले से देखे गए पिन का इस्तेमाल कर खाते से नकदी निकाल लेते थे। रकम निकालने के बाद आरोपी एटीएम कार्ड को तोड़कर नाले अथवा किसी सुनसान स्थान पर फेंक देते थे, ताकि उनके खिलाफ कोई सुराग न मिल सके।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इस तरीके से अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इस गिरोह में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

गिरफ्तार आरोपी महादेव हल्दर पुत्र बोनों माली हल्दर, निवासी दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल, वर्तमान निवासी जे.जे. कॉलोनी सेक्टर-8 नोएडा, करीब 30 वर्ष का है। वह आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। उसके खिलाफ थाना इंदिरापुरम, गाजियाबाद में वर्ष 2018 में धारा 324/504/506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है।

दूसरा आरोपी साबिर पुत्र मौ0 ताहिर, निवासी पूर्णिया, बिहार, वर्तमान निवासी सलारपुर, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर, करीब 40 वर्ष का है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-39 में वर्ष 2026 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

तीसरा आरोपी आबिद पुत्र मौ0 तैय्यब, निवासी कटिहार, बिहार, करीब 45 वर्ष का है। उसके खिलाफ थाना सदर बाजार, सहारनपुर में वर्ष 2025 में धारा 303(2)/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

इन सामानों की हुई बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 प्लास, 02 घरेलू चाकू, 01 सफेद थैला, 02 मोबाइल फोन और 3030 रुपये नकद बरामद किए हैं।

मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच में जुटी पुलिस

थाना सेक्टर-113 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 377/2026, धारा 303(2)/318(4)/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके द्वारा पूर्व में की गई एटीएम संबंधी वारदातों, अन्य संभावित साथियों और गिरोह के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से एटीएम कार्ड फंसाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।।