गौतमबुद्धनगर: तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस: 170 शिकायतें पहुंचीं, सात का मौके पर निस्तारण!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 सितंबर 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। तीनों तहसीलों में कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
तहसील दादरी में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सुनवाई
तहसील दादरी में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों के समक्ष कुल 128 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार कौशिक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सदर तहसील में चार और जेवर में 38 शिकायतें
इसी क्रम में तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां 04 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ता की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।।
