गौतमबुद्धनगर: सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने कसी कमर, 17 सितंबर से शुरू होगा अभियान!!
एक माह तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां पहुंचेंगी जन-जन तक; विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 7 सितंबर 2026।
जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सफल, प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों के अनुसार विभागवार माइक्रो प्लान तैयार करे। माइक्रो प्लान में कार्यक्रम का स्थान, तिथि, समय, जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थियों की सूची, आवश्यक संसाधन और प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जनपद में संचालित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के सहयोग से 13 प्रमुख कार्यक्रमों सहित अनेक विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ प्राप्त कर रहे लोगों की उपलब्धियों एवं अनुभवों को सामने लाना तथा अधिक से अधिक नागरिकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। किसी भी स्तर पर अंतिम समय में व्यवस्थाएं करने के बजाय पहले से कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट तैयार करें।
13 प्रमुख कार्यक्रमों के साथ होंगी विभिन्न गतिविधियां
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर राष्ट्र तक’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उनका व्यापक प्रभाव दिखाई दे।
लाभार्थियों का अपडेट डेटा और फोटो-वीडियो रिकॉर्ड तैयार होगा
सीडीओ ने लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित अद्यतन लाभार्थी सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों का फोटो एवं वीडियो डेटा तैयार करने तथा अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की दैनिक प्रगति का व्यवस्थित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ प्राप्त कर चुके पात्र लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाए, जिससे अन्य पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित हों।
स्वच्छता, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य गतिविधियों में बढ़ेगी जनभागीदारी
मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण आधार होगी।
विकासखंड स्तर पर प्रस्तावित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि समयबद्ध तैयारी, बेहतर आपसी समन्वय और नियमित समीक्षा के माध्यम से अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सेवा संकल्प अभियान का वास्तविक लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और जनपद में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो।
बैठक में प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।।
