सोमवार, 7 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दिव्यांग बच्चों के लिए बड़ी पहल: 11 और 12 सितंबर को लगेगा निःशुल्क उपकरण मापन शिविर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दिव्यांग बच्चों के लिए बड़ी पहल: 11 और 12 सितंबर को लगेगा निःशुल्क उपकरण मापन शिविर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

06 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को मिलेगी सहायक उपकरणों की सुविधा, दनकौर और दादरी में आयोजित होंगे शिविर

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 07 सितंबर 2026। समग्र शिक्षा अभियान के समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत जनपद गौतमबुद्धनगर में 06 से 14 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क उपकरण मापन शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पॅवार ने बताया कि शिविरों का आयोजन एलिम्को कानपुर के सहयोग से किया जा रहा है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नामांकित दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से पहले उपकरणों के मापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए 11 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे बीआरसी दनकौर में मापन शिविर आयोजित होगा। इसी स्थान पर 27 नवंबर 2026 को सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा।

इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) दादरी में दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरण मापन शिविर आयोजित किया जाएगा। दादरी में मापे गए बच्चों को 28 नवंबर 2026 को इसी स्थान पर निःशुल्क सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा।

इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा शिविर में

शिविर में शामिल होने वाले दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया गया है। इनमें दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रदर्शित करते हुए 4 पासपोर्ट साइज फोटो तथा अभिभावक के पहचान पत्र की एक छायाप्रति शामिल है।

प्रशासन की ओर से अभिभावकों से अपील की गई है कि पात्र दिव्यांग बच्चों को निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित बीआरसी केंद्र पर लेकर पहुंचें, ताकि मापन की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके और बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।

इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उनकी दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाना और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।।