उन्नाव :
हरियाली तीज पर वामा सारथी की सांस्कृतिक संध्या, महिलाओं और बच्चों ने बिखेरे रंग।।
दो टूक : उन्नाव रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में रविवार को वामा सारथी के तत्वावधान में हरियाली तीज के पावन पर्व पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी की जनपदीय अध्यक्षा श्रीमती नीतू सिंह ने की।
विस्तार :
रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव मे बीते रविवार को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती विनी सिंह, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती रेखा सिंह और मिशन शक्ति प्रभारी निरीक्षक श्रीमती संतोष कुमारी समेत पुलिस परिवार की महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।
सांस्कृतिक संध्या में महिलाओं और बच्चों ने मेहंदी प्रतियोगिता, गायन, नृत्य और कविता पाठ सहित विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य ने तीज पर्व की सांस्कृतिक छटा बिखेरते हुए कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के पारंपरिक पर्व को उल्लास के साथ मनाने के साथ महिला सशक्तिकरण, पुलिस परिवारों में आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक तीज गीतों और उत्सवधर्मी माहौल के बीच हुआ।
