सुल्तानपुर :
बरौसा चौराहे पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने तमंचा व खोखा किया बरामद।।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के थाना जयसिंहपुर पुलिस ने बरौसा चौराहे स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान पर पैसों के लेन-देन को लेकर सेल्समैन पर फायरिंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की रात बरौसा चौराहे पर कम्पोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन शिवम् जायसवाल पुत्र राजू जायसवाल, निवासी अलीनगर, थाना जरवल, जनपद बहराइच के ऊपर फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में थाना जयसिंहपुर पर मु0अ0सं0 276/26, धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री वृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर श्री सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जयसिंहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को पतुरियो मोड़ स्थित सरकारी ट्यूबेल के पास से दोपहर 2:14 बजे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकिंत मिश्रा पुत्र विपिन मिश्रा उर्फ बब्बा उर्फ बब्बन मिश्रा, निवासी नानेमऊ, थाना मोतिगरपुर, जनपद सुलतानपुर तथा धीरेन्द्र यादव पुत्र सियाराम यादव, निवासी ग्राम पचगवा, थाना हैदरगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अकिंत मिश्रा के विरुद्ध पूर्व में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं धीरेन्द्र यादव के विरुद्ध भी पूर्व में तीन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार राय, उपनिरीक्षक गुलाब चन्द्र पाल, उपनिरीक्षक नफीसउद्दीन खां, हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा, कांस्टेबल अभिषेक प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार शामिल रहे।
