मंगलवार, 25 अगस्त 2026

लखनऊ : दो पक्षों में मेला मे हुआ विवाद घर पहुंचने पर घमासान मारपीट में युवक घायल।||Lucknow: A dispute broke out between two groups at a fair and a young man was injured in a scuffle upon reaching home.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
दो पक्षों में मेला मे हुआ विवाद घर पहुंचने पर घमासान मारपीट में युवक घायल।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र के डालौना गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना में एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि दूसरे पक्ष के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल युवक ने चाकू से हमला किए जाने का आरोप लगाया था, हालांकि पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट में चाकू से हमले की पुष्टि नहीं हुई है।
विस्तार:
कहा-सुनी के बाद घर लौटकर फिर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को ग्राम डालौना निवासी अमन यादव पुत्र हरीश चंद यादव और शिवा रावत पुत्र जगदीश के बीच निगोहा स्थित भवरेश्वर मंदिर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष अपने घर लौट आए। आरोप है कि घर वापस आने के बाद दोनों के बीच दोबारा विवाद हो गया और मारपीट हो गई।
मारपीट में अमन यादव को चोटें आईं। अमन ने आरोप लगाया कि शिवा रावत ने उस पर चाकू से हमला किया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा।
मेडिकल में दो सामान्य चोटें मिलीं
पुलिस के मुताबिक चिकित्सकीय परीक्षण में अमन यादव के शरीर पर कुल दो चोटें दर्ज की गईं, जिन्हें सामान्य प्रकृति का बताया गया है। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया।
पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट का अवलोकन किया। जांच में फिलहाल चाकू से हमला किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विपक्षी हिरासत में, पूछताछ जारी।
घटना के बाद पुलिस ने विपक्षी पक्ष के शिवा रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।