सुल्तानपुर :
जमीन के लालच में साले ने कराई जीजा की हत्या, चार हत्यारोपी गिरफ्तार।
दो टूक : सुल्तानपुर जनपद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी में 2 अगस्त की रात हुई करीब 25 वर्षीय मोहम्मद शाकिब की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे जमीन और उससे मिलने वाली करीब 48 लाख रुपये की रकम का लालच सामने आया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र
लोलेपुर चौहानी मे मोहम्मद शाकिब बचपन से ही अपने ननिहाल में रह रहा था। उसकी नानी ने उसे पक्का मकान और हाईवे किनारे करीब 5 बिस्सा जमीन दी थी। शाकिब ने इस जमीन का करीब 48 लाख रुपये में एग्रीमेंट किया था और दो लाख रुपये एडवांस भी ले चुका था। बाकी रकम बैनामा होने के बाद मिलनी थी।
पुलिस का दावा है कि जमीन और रकम की जानकारी शाकिब की पत्नी को हुई, जिसके बाद उसने अपने भाइयों को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि शाकिब के सालों को आशंका थी कि जमीन की रकम मिलने के बाद वह पैसा शराब और अन्य कामों में खर्च कर देगा। इसके बाद उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
शराब पिलाकर ले गए दुपट्टे से गला दबाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक बीते दो अगस्त की रात शाकिब का दोस्त सलमान उसे अपने साथ ले गया और शराब पिलाई। इसके बाद उसे गांव से बाहर ले जाया गया जहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पास स्थित जल निगम के तालाब में फेंक दिया। अगले दिन शाकिब का शव घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब के किनारे उतरता मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे।
मृतक के पिता की तहरीर पर कोतवाली नगर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी साजिश और घटना में उनकी भूमिका के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
