रायबरेली :
मामूली विवाद पर पीट-पीटकर हत्या करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार,भेजे गए जेल।।
दो टूक : रायबरेली जनपद के सलोन थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की मां से कहासुनी के दौरान हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि गुस्से में दोनों आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, वैज्ञानिक एवं धरातलीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
विस्तार :
थाना सलोन इस्पेक्टर संदीप कुमार राय
ने बताया कि 2 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से थाना सलोन पुलिस को ग्राम सोनबरसा में हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सलोन एवं प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए तथा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर थाना सलोन में मुकदमा अपराध संख्या 246/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस अधीक्षक रायबरेली रवि कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 5 अगस्त 2026 को थाना सलोन पुलिस ने सोनबरसा नहर पुलिया के पास से दो आरोपियों—मनोज पासी पुत्र शंकरलाल एवं विनोद कुमार पुत्र शंकरलाल, निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना सलोन—को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक की मां से उनका विवाद और कहासुनी हुई थी। इसी दौरान मृतक ने बीच-बचाव करते हुए उन्हें टोका, जिससे वे आक्रोशित हो गए। गुस्से में दोनों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
