बुधवार, 5 अगस्त 2026

लखनऊ : कांग्रेस ने मानसून सत्र समय से पहले समाप्त करने पर सरकार को घेरा,कहा विशेष चर्चा से बचने का लगाया आरोप।।||Lucknow: Congress criticized the government for ending the monsoon session prematurely and accused it of avoiding a special discussion.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
कांग्रेस ने मानसून सत्र समय से पहले समाप्त करने पर सरकार को घेरा,कहा विशेष चर्चा से बचने का लगाया आरोप।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को निर्धारित समय से पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने पर कांग्रेस ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने आरोप लगाया कि पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भाजपा सरकार जनता के मुद्दों पर सदन में चर्चा से बच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विशेष रूप से राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले पर जवाब देने से डर रही है।
लखनऊ में जारी बयान में आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा में नियम 311 और नियम 56 के तहत भगवान रामलला मंदिर में कथित चढ़ावा और चंदा चोरी के मामले तथा प्रदेश में किसानों के लिए खाद की किल्लत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की मांग की थी। उनका आरोप है कि कार्य मंत्रणा समिति में चर्चा तय होने के बावजूद सरकार ने सदन को समय से पहले स्थगित कर लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी की।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास पूर्ण बहुमत था तो चर्चा कराने में डर कैसा था। उनके अनुसार सरकार इसलिए चर्चा नहीं चाहती थी क्योंकि राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और किसानों की समस्याओं पर विपक्ष के सवालों का जवाब देना उसके लिए मुश्किल था।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि रामलला मंदिर के चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद, आयोजनों और खर्चों में कथित हेराफेरी हुई है तथा श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात किया गया। उन्होंने दावा किया कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही कोई गिरफ्तारी हुई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावशाली लोगों को संरक्षण दे रही है।
आराधना मिश्रा ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक जवाबदेही से बच रही है और जनता के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा कराने के बजाय सदन को समय से पहले समाप्त कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधानसभा का सत्र 6 अगस्त तक निर्धारित था तो उसे एक दिन पहले समाप्त करने की क्या मजबूरी थी।
कांग्रेस नेता ने सरकार पर किसानों की खाद संकट, छात्रों से जुड़े मुद्दों और अन्य जनहित के विषयों पर चर्चा से बचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि पूर्ण बहुमत वाली सरकार आखिर विपक्ष के सवालों का सामना करने से क्यों कतरा रही है।
(नोट: यह समाचार कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' द्वारा जारी बयान और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों पर सरकार की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)