सोमवार, 17 अगस्त 2026

लखनऊ:PGI क्षेत्र में बाइक चोरों का आतंक: दो सप्ताह में छह वाहन चोरी,पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल।||Lucknow:Terror of bike thieves in the PGI area: Six vehicles stolen in two weeks, raising questions about police efficiency.||

शेयर करें:
लखनऊ:
PGI क्षेत्र में बाइक चोरों का आतंक: दो सप्ताह में छह वाहन चोरी,पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल।।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अलग-अलग स्थानों से लगातार दोपहिया वाहन चोरी होने की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपलब्ध शिकायतों के मुताबिक, क्षेत्र में बाइक और स्कूटी चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। पीड़ितों का आरोप है कि वाहन घरों के सामने, अस्पताल के बाहर, बाजार और कार्यालय परिसर के आसपास से चोरी हो रहे हैं, लेकिन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
विस्तार
थाना पीजीआई क्षेत्र मे बेखौफ चोरो का हौशला इतना बुलंद है कि दिन हो या रात,घर हो या बाजार। आफिस हो या दुकान जहाँ मौका लगा वहीं बाइक पर हाथ साफ कर दे रहे है। सबसे हालिया मामला 14 अगस्त 2026 का सामने आया, जब नितेश कुमार अपनी बाइक DL-35- CQ-5699 से सरदार ओ.पी. चौधरी डेंटल हॉस्पिटल पहुंचे थे। उन्होंने बाइक अस्पताल के सामने सड़क किनारे खड़ी की (पुलिस चौकी के सामने)। करीब आधे घंटे बाद लौटे तो बाइक गायब थी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बीते रविवार 16 अगस्त को मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
●इसके पहले 12 अगस्त को सरथुवा स्थित राजघराना स्मार्ट सिटी से अधिवक्ता सतीश कुमार शर्मा की HF Deluxe बाइक UP42AC8666 चोरी हो गई। शिकायत के मुताबिक, तड़के करीब तीन बजे दो अज्ञात व्यक्ति साइकिल से पहुंचे और लॉक तोड़कर बाइक लेकर फरार हो गए।पूरी चोरी की घटना CCTV फुटेज मे कैद हो गई है।
●वृंदावन योजना में भी बाइक चोरी।
वृंदावन योजना सेक्टर-12A से आशीष पाण्डेय की Hero Splendor Plus बाइक UP-61-BQ-2985 चोरी होने का मामला सामने आया।पीडित के अनुसार, रात करीब 12 बजे से सुबह तीन बजे के बीच घर के बाहर खड़ी बाइक गायब हो गई। सुबह काम पर जाने के समय वाहन नहीं मिला तो आस-पास तलाश की गई और पुलिस को सूचना दी गई।
●ऑफिस के बाहर से Apache पार।
8 अगस्त को सभा खेड़ा स्थित फ्लिपकार्ट ऑफिस के बाहर से संजू पाल की Apache मोटरसाइकिल UP32GY4976 चोरी हो गई। शिकायत के अनुसार, बाइक दोपहर करीब तीन बजे ऑफिस के बाहर खड़ी थी। कुछ समय बाद वापस लौटने पर वाहन गायब मिला।
●पुरानी घटनाएं भी सवालों के घेरे में।
थाना पीजीआई क्षेत्र हैबत मऊ-मवैया, रायबरेली रोड निवासी ऋषभ राय की Splendor Plus UP32BP8864 भी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पीड़ित के मुताबिक, वाहन घर पर खड़ा था और वापस आने पर गायब मिला। उन्होंने घटना का CCTV वीडियो होने की बात भी पुलिस को बताई है।
इसी तरह सेक्टर-8 मार्केट से गीता मेहर का स्कूटर UP-32-CU-3715 चोरी होने की शिकायत भी सामने आई है। शिकायत के अनुसार, 29 मई की रात करीब आठ बजे स्कूटर बाजार में खड़ा कर वह सब्जी खरीदने गई थीं। वापस लौटने पर स्कूटर मौके से गायब मिला।
●CCTV के बावजूद चोर बेखौफ?
इन घटनाओं में कई पीड़ितों ने CCTV फुटेज उपलब्ध होने की बात कही है। इसके बावजूद यदि वाहन चोरों तक पुलिस नहीं पहुंच पा रही है तो यह क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और सर्विलांस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार हो रही वाहन चोरी से स्थानीय लोगों में भी असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
इन सभी मामलों में पीजीआई पुलिस ने पीडितों की तहरीर के अनुसार एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
 ●लगातार चोरी से दहशत मे पब्लिक।
सवाल यह है कि PGI क्षेत्र में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के पीछे क्या कोई सक्रिय गिरोह काम कर रहा है? यदि हां, तो पुलिस उसके नेटवर्क तक कब पहुंचेगी? CCTV और तकनीकी सर्विलांस के बावजूद चोर पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों हैं?
लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच अब स्थानीय लोगों की निगाहें PGI पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस इन घटनाओं को महज अलग-अलग चोरी के मामलों के रूप में न देखकर इनके पीछे सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पता लगाएगी और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के साथ आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई करेगी।